जामगांव आर। शासन की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन में घटिया और लापरवाह काम का खामियाजा अब जानलेवा साबित हो रहा है। दक्षिण पाटन के बेल्हारी में बन रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से 18 गांवों में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों किनारे बनाए जा रहे वाल चेम्बर ग्रामीणों और राहगीरों के लिए मौत का जाल बन गए हैं। जानकारी के अनुसार 28 अगस्त को ग्राम बटरेल के गौठान के पास बने ऐसे ही एक बिना संकेतक वाले वाल चेम्बर में मोखा निवासी 25 वर्षीय युवक भूपेंद्र साहू पिता भाव सिंह गिर गए। हादसे में गंभीर चोटें आने पर उन्हें पहले धमतरी अस्पताल और फिर मेकाहारा रिफर किया गया, लेकिन चार दिन तक कोमा में रहने के बाद सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वे पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर बेल्हारी स्थित निर्माणाधीन फिल्टर प्लांट और वेस्ट इंडिया कंपनी के ऑफिस पहुंच गए और तत्काल मुआवजे की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। इसी दौरान छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना भी मौके पर पहुंची और कंपनी व विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगी।
समाचार लिखे जाने तक न तो कंपनी और न ही विभाग से कोई राहत पहुंची है। ग्रामीण डटे हुए हैं और माहौल बेहद तनावपूर्ण है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक मुआवजा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होती, वे आंदोलन जारी रखेंगे।