
पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिलाने की मांग,पाटन ब्लॉक की सहकारी समितियों में खाद-बीज की व्यवस्था नहीं होने पर जताया विरोध
पाटन। पाटन ब्लॉक की सहकारी समितियों में किसानों के लिए खाद-बीज की समुचित व्यवस्था तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की मांग को लेकर 18 जून को जल सत्याग्रह किए जाने की घोषणा की गई है। इस संबंध में कलेक्टर दुर्ग को लिखित सूचना सौंप दी गई है। जनकल्याण समिति पाटन के अध्यक्ष युगल किशोर आडिल ने बताया कि पाटन ब्लॉक की सहकारी समितियों में किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। वहीं ग्राम कुर्मीगुड़रा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को कथित रूप से लाभ से वंचित रखा गया है। इन मांगों को लेकर ग्रामीणों और हितग्राहियों में नाराजगी है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि मांगों के निराकरण के लिए 18 जून, गुरुवार को सुबह 9 बजे से लक्ष्मी सागर तालाब, कुम्हारीगुड़ा में जल सत्याग्रह किया जाएगा। इसमें किसान और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।