समुद्र की लहरों पर तिरंगा लहराने को तैयार भनसूली का लाल यश कुमार, 7 माह का कठिन नौसैनिक प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटे तो हुआ भव्य स्वागत

रानीतराई। ग्राम भनसूली के होनहार युवा यश कुमार साहू ने भारतीय नौसेना में अग्निवीर SSR के रूप में चयनित होकर और सात माह का कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर अपने परिवार, गांव और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। प्रशिक्षण पूर्ण कर गांव लौटने पर ग्रामीणों ने उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान भारत माता की जय के नारों से पूरा भनसूली गूंज उठा।

यश कुमार साहू, पिता भानुप्रताप साहू एवं माता सरस्वती साहू की इस उपलब्धि पर गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। उनके आगमन पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं वर्तमान विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू के नेतृत्व में ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और युवाओं ने फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया। आतिशबाजी, गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ यश को पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर अपने गांव के होनहार बेटे का अभिनंदन किया। इस अवसर पर अशोक साहू ने कहा कि यश कुमार साहू ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और देशभक्ति से यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं भी अपने दृढ़ संकल्प के बल पर देश की प्रतिष्ठित सेवाओं में स्थान हासिल कर सकती हैं। यह उपलब्धि केवल यश के परिवार की नहीं, बल्कि पूरे भनसूली गांव के लिए गर्व और गौरव का विषय है। सात माह के कठिन प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करना उनके साहस और समर्पण को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि हमारे गांव का बेटा अब समुद्र की लहरों पर भारत का तिरंगा लहराएगा। यश की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। आज युवाओं को नशे और भटकाव से दूर रहकर लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। यदि वे यश की तरह मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ें तो सेना, पुलिस, प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से देशसेवा का जज्बा विकसित करने का आह्वान किया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर यश के माता-पिता भानुप्रताप साहू एवं सरस्वती साहू भावुक और गौरवान्वित नजर आए। उन्होंने बेटे की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार के साथ गांव के बुजुर्गों के आशीर्वाद और गुरुजनों के मार्गदर्शन ने भी उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।

कार्यक्रम के दौरान अशोक साहू ने यश कुमार साहू को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल देशसेवा की कामना की। ग्रामीणों ने एक स्वर में ‘भनसूली का बेटा, देश का गौरव – यश कुमार साहू जिंदाबाद’ के उद्घोष के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर ग्राम विकास समिति अध्यक्ष हुलेश साहू, उपाध्यक्ष नंद कुमार साहू, शीतला समिति अध्यक्ष महावीर निर्मलकर, मिलन सेन, गिरवर तारक, धीरेन्द्र साहू, पंच चंद्रकांत साहू, जुगल किशोर साहू सहित युवा मित्र मंडल, महिला समूह, ग्राम के वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

#YashKumarSahu, #IndianNavy, #AgniveerNavy, #Bhanसुली, #ProudMoment, #IndianNavyTraining, #DeshSeva, #Chhattisgarh, #YouthInspiration, #जय_हिंद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *