जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर में नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। बालेंगा पेट्रोल पंप के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर से जगदलपुर की ओर आ रहा एक तेज रफ्तार फॉलो वाहन अचानक बाइक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार कमलेश और रामप्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने वाहन को घेर लिया, जिससे कुछ देर के लिए हाईवे पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। लोगों का आरोप है कि वाहन अत्यधिक गति में था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित फॉलो वाहन का संबंध बीजापुर के पूर्व विधायक महेश गागड़ा के काफिले से बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बाइक सवार गलत दिशा में चल रहे थे, जिससे दुर्घटना हुई। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि वाहन चालक से पूछताछ जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।