असंग कबीर आश्रम सोनपैरी में योग आयोग का स्थापना दिवस : संयम और सामाजिक कर्तव्य का अनुपम उदाहरण…

रायपुर । छत्तीसगढ़ योग आयोग का स्थापना दिवस शुक्रवार को रायपुर जिले के असंग कबीर आश्रम सोनपैरी में सामाजिक कर्तव्य की भावना के साथ सादगीपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। हाल ही में कश्मीर के पहलगाम में हुई दुखद घटना के मद्देनजर कार्यक्रम को श्रद्धांजलि सभा के स्वरूप में संयमित ढंग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवकर साहेब (असंग कबीर आश्रम सोनपैरी) रहे, अध्यक्षता छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई, जिसका नेतृत्व स्वयं श्री सिन्हा ने किया। उपस्थित नागरिकों और योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग और संयमित जीवनशैली के महत्व को आत्मसात किया। अतिथियों ने योग के लाभों और जीवन में इसके महत्व पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिए। कार्यक्रम के दौरान सभी गणमान्य अतिथियों का सम्मान भी किया गया।
समारोह के अंत में, कश्मीर के पहलगाम में शहीद हुए वीर जवानों और नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम ने सामाजिक एकजुटता, संयम और योग के प्रति जनचेतना के भाव को मजबूती प्रदान की।

इस अवसर पर विहंगम योग से जुड़े योगेश्वरानंद योगी, जनपद सभापति प्रणव शर्मा, किशोर साहू, जनपद सदस्य हिमांशु कुर्रे, सहायक लेखा अधिकारी गौरव देवांगन, परिवीक्षा अधिकारी रविकांत कुंभकार, छबि राम साहू, ज्योति साहू, योगी राम साहू सहित बड़ी संख्या में योग साधक और ग्राम सोनपैरी के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *